27 मई 2019 - 18:14
अनाक्रमण संधि, फ़ार्स की खाड़ी में तनाव समाप्ति की ओर पहला क़दमः रूस

रूस के विदेश मंत्री ने अपने ईरानी समकक्ष द्वारा फ़ार्स की खाड़ी में अनाक्रमण संधि के प्रस्ताव को इस क्षेत्र में तनाव की समाप्ति की ओर पहला क़दम बताया है।

सर्गेई लावरोफ़ ने सोमवार को माॅस्को में इक्वाडोर के विदेश मंत्री के साथ एक संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में अपने देश की ओर से फ़ार्स की खाड़ी के तटवर्ती देशों के बीच अनाक्रमण संधि पर हस्ताक्षर के तेहरान के प्रस्ताव के समर्थन की घोषणा करते हुए कहा है कि माॅस्को की नज़र में देशों का एक दूसरे पर हमला न करने का समझौता, तनाव कम करने की राह में पहला क़दम है। उन्होंने कहा कि तेहरान की यह पहल सराहनीय है जबकि फ़ार्स की खाड़ी के क्षेत्र में डेढ़ हज़ार सैनिक भेजने का अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प का फ़ैसला, इस क्षेत्र में ख़तरा बढ़ा देगा क्योंकि जैसे जैसे सैन्य उपस्थिति बढ़ती जाती है, वैसे वैसे ख़तरा भी बढ़ता जाता है।

 

ज्ञात रहे कि ईरान के विदेश मंत्री ने रविवार को अपने एक ट्वीट में इस बात की सूचना दी थी कि उन्होंने इराक़ी अधिकारियों से मुलाक़ात में अनाक्रमण की क्षेत्रीय संधि का प्रस्ताव दिया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि अमरीका की कार्यवाहियां दक्षिणी अमरीका के क्षेत्र में भी टकराव का ख़तरा बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि वेनेज़ुएला में हम जो कुछ देख रहे हैं वह अमरीका की ओर से लैटिन अमरीकी देशों की इच्छाओं और अनदेखी को दर्शाता है और इससे इस क्षेत्र में ख़तर बढ़ रहा है।